प्रभात न्यूज़ 24:
महाविद्यालयीन 40 छात्र-छात्राओं ने थामा कांग्रेस का दामन, भाटापारा में सदस्यता अभियान को मिली नई गति
बलौदाबाजार।
क्षेत्रीय राजनीति में युवाओं की बढ़ती भागीदारी के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है, जहां राजीव गांधी महाविद्यालय सिमगा के लगभग 40 छात्र-छात्राओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। भाटापारा स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक इन्द्र साव की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम का आयोजन एनएसयूआई जिला महासचिव हितेश साहू के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सदस्यता ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों का विधायक इन्द्र साव ने तिरंगा गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया और उन्हें संगठन की विचारधारा से अवगत कराया।
युवाओं के भरोसे पर खरा उतरने का भरोसा
अपने संबोधन में विधायक इन्द्र साव ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास देशहित, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए संघर्षों से भरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि आज जब युवा वर्ग तेजी से राजनीति की ओर आकर्षित हो रहा है, यह लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना और समाधान किया जाएगा।
संगठन को मिलेगा नया संबल
विधायक प्रतिनिधि शैली भाटिया ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं के जुड़ने से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सिमगा सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र में संगठन को सशक्त बनाने में युवाओं की भूमिका अहम रहेगी और आने वाले चुनावों में उनकी भागीदारी निर्णायक साबित होगी।
त्याग और बलिदान की परंपरा से जुड़ी है कांग्रेस
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा ने अपने संबोधन में कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पार्टी त्याग, तपस्या और बलिदान की प्रेरणादायक परंपरा से जुड़ी हुई है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को आत्मसात कर जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएं और गांव-गांव तक कांग्रेस के सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार करें।
राष्ट्र निर्माण में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका
पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई और स्वतंत्र भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और वैचारिक मजबूती के लिए युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों से अपील की कि वे संगठन के प्रति निष्ठावान रहते हुए समाज में जागरूकता फैलाएं और जनसेवा को अपना लक्ष्य बनाएं।
छात्र-छात्राओं ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं ने कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर कार्य करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का भरोसा भी दिलाया।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ईश्वर सिंह ठाकुर, युवा कांग्रेस प्रवक्ता सत्यजीत शेंडे, पूर्व पार्षद दशरथ चंद्राकर, नितिन शुक्ला, किशन निर्मलकर, अनमोल शुक्ला, छात्र नेता अभिषेक शर्मा, उत्तम रावते, अमन पांडे, पप्पू देवांगन, ज्ञान, हिमांशु, तारिणी वर्मा, भानुप्रताप साहू, संतोष नवरंगे, धनंजय कोसले, हिमांशु मिरी, पूर्व नायक, नीरा यदु, याचिका ध्रुव, नेहा ध्रुव एवं अंशु ध्रुव सहित अनेक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।













