Breaking

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार में पहुंचे करहीबाजार, विकास कार्यों की दी सौगात करोड़ों के विकास कार्यों की घोषणाओं से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर

राजनीति 22 May 2026 (75)

post


प्रभात न्यूज़ 24: 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार में पहुंचे करहीबाजार, विकास कार्यों की दी सौगात

करोड़ों के विकास कार्यों की घोषणाओं से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर



बलौदाबाजार।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुशासन तिहार कार्यक्रम के अंतर्गत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखंड भाटापारा स्थित ग्राम करहीबाजार पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह एवं विशेष सचिव रजत बंसल भी मौजूद रहे। हेलीपेड पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा एवं डीएफओ गणवीर धम्मशील सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।



कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने ग्राम करहीबाजार में सर्व समाज के लिए सांस्कृतिक भवन निर्माण हेतु 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही सुकालू के घर से सिद्ध बाबा मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए भी 25 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई।



मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हायर सेकेंडरी स्कूल करहीबाजार एवं कोदवा में भवन निर्माण की घोषणा की। वहीं भाटापारा में एसडीएम एवं तहसील कार्यालय के लिए संयुक्त भवन निर्माण को भी मंजूरी दी गई, जिससे प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र को लेकर एक और बड़ी घोषणा करते हुए मिडिल स्कूल गुड़ेलिया को हाई स्कूल में उन्नयन करने की बात कही। इस निर्णय से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

इसके अलावा ग्राम विटकुली में मांगलिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की गई। 


मुख्यमंत्री ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सीसी रोड निर्माण की भी स्वीकृति प्रदान की। ग्राम पंचायत कोठमी, मोपका, कोनी, बोरसी, कोदवा, पाटन एवं रामपुर में 10-10 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य कराए जाएंगे।



मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और आम जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का समाधान करना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए आभार व्यक्त किया। महिलाओं, युवाओं एवं किसानों की बड़ी भागीदारी कार्यक्रम में देखने को मिली।



सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार लगातार गांव-गांव पहुंचकर विकास कार्यों की समीक्षा कर रही है तथा जनता से सीधे संवाद स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से करहीबाजार एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER