प्रभात न्यूज़ 24:
अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
“जनता त्रस्त और अधिकारी मस्त” — सुशील शर्मा का बिजली विभाग पर हमला
बलौदाबाजार।
भाटापारा में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बार-बार बिजली गुल होने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि एवं पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अघोषित बिजली कटौती पर रोक नहीं लगी तो कांग्रेसजन जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बिजली व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित नजर आ रही है। दिन और रात में कई बार बिजली बंद होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बिजली कटौती के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और अधिक गंभीर बताई जा रही है, जहां कई-कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।
सुशील शर्मा ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। लो-वोल्टेज की समस्या से घरेलू उपकरण प्रभावित हो रहे हैं, वहीं किसानों को भी सिंचाई कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छोटे व्यापारियों और विद्यार्थियों पर भी इसका असर पड़ रहा है।
फ्यूज कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
उन्होंने फ्यूज कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायत दर्ज कराने के लिए बनाए गए हेल्पलाइन नंबरों पर उपभोक्ताओं को संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाता। कई बार फोन रिसीव नहीं किए जाते, जिससे लोग परेशान होकर शिकायत करना ही छोड़ देते हैं। उन्होंने मांग की कि लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए।
बिजली बिल और कटौती दोनों से उपभोक्ता परेशान
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि एक ओर जनता को घंटों बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर बढ़े हुए बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। इससे लोगों में विभाग और सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली पूर्व कांग्रेस सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय बिजली बिल हाफ योजना के माध्यम से लाखों उपभोक्ताओं को राहत दी गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया।
जल्द सुधार नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
सुशील शर्मा ने कहा कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
क्षेत्र के लोगों ने भी शासन और बिजली विभाग से मांग की है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।














