प्रभात न्यूज़ 24:
सोनाडीह में निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर सम्पन्न, 207 मरीजों ने उठाया लाभ
बलौदाबाजार।
ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम सोनाडीह में आयोजित निःशुल्क आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। संचालक आयुष, नया रायपुर तथा जिला आयुष अधिकारी के निर्देशानुसार शुक्रवार 29 मई 2026 को ग्राम पंचायत भवन सोनाडीह में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित इस शिविर में कुल 207 मरीजों का उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर का शुभारंभ आयुर्वेद के आराध्य देव भगवान धनवंतरी के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच नारायण सिंह ध्रुव, डॉ. एल.एस. ध्रुव, डॉ. नेकदत्त, मितानिन कार्यकर्ता चित्ररेखा साहू, सोनिया आडिल सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा के 108 तथा होम्योपैथिक चिकित्सा के 99 मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों की रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा (शुगर) तथा नाड़ी परीक्षण कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया। शिविर में वातरोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, उदर रोग, गैस्ट्रिक समस्या, सर्दी-जुकाम एवं अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे।
चिकित्सकों ने मरीजों को केवल दवा ही नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार और रोगों से बचाव के आयुर्वेदिक उपायों की भी विस्तृत जानकारी दी। सभी मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।
ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र के लोगों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला।















