Breaking

सुशासन तिहार में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर, प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विकास कार्यों की दी सौगात

राजनीति 13 May 2026 (42)

post

प्रभात न्यूज़ 24: 

सुशासन तिहार में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर, प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विकास कार्यों की दी सौगात



भवानीपुर/पलारी।

सुशासन तिहार के अंतर्गत विकासखंड पलारी की ग्राम पंचायत वाडगन में सोमवार को आयोजित विशाल समाधान शिविर में जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए ग्राम पंचायत वाडगन में सीसी रोड निर्माण एवं कॉलेज परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की।


 इसके अलावा विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत पात्र लोगों को सामग्री एवं चेक का वितरण भी किया गया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद का उत्सव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं पूरे प्रदेश का दौरा कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।



उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन का दायित्व है कि वह जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुने और उनका समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करे। मंत्री ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से विचार किया जाए तथा जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव हो, उन्हें मौके पर ही निराकृत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा।



स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर रही है। प्रदेश में पांच नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं तथा डॉक्टरों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।



राजस्व मामलों को लेकर मंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी विवाद, नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार एवं सीमांकन जैसे मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि राजस्व संबंधी कोई भी आवेदन 15 दिनों से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए निलंबन की कार्यवाही भी की जाएगी।



समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। शिविर में ग्रामीणों ने शासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से गांव स्तर पर समस्याओं का समाधान आसान हो रहा है और लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।



कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

You might also like!


RAIPUR WEATHER