Breaking

बिजली दरों में कटौती और खाद-बीज उपलब्धता को लेकर शिवसेना का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

राजनीति 18 June 2026 (37)

post


प्रभात न्यूज़ 24: 

बिजली दरों में कटौती और खाद-बीज उपलब्धता को लेकर शिवसेना का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Advertisement



बलौदाबाजार।

 प्रदेशभर में बढ़ती बिजली दरों, अघोषित बिजली कटौती और किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं होने की समस्या को लेकर शिवसेना ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के आह्वान पर जिले में शिवसैनिकों ने जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर कुलदीप शर्मा को ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।



ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव ईश्वर प्रसाद निषाद सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे। शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि हाल ही में बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी का सीधा असर गरीब, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। बढ़े हुए बिजली बिलों के कारण आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है और आर्थिक दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।



जिला उपाध्यक्ष केशव राम साहू ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि आम नागरिकों के लिए अतिरिक्त बोझ साबित हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार से पूर्व में संचालित 400 यूनिट हाफ योजना को पुनः लागू करने की मांग की, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और आम लोगों की आर्थिक परेशानियां कम हों।



अघोषित बिजली कटौती पर जताई नाराजगी

शिवसेना नेताओं ने जिले सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि गर्मी और खेती के मौसम में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम नागरिकों के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बिजली विभाग से नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग करते हुए अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगाने की बात कही।



प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाएगी शिवसेना

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि बिजली दरों में कमी और जनता को राहत दिलाने की मांग को लेकर शिवसेना द्वारा पूरे प्रदेश में व्यापक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से आम लोगों की राय एकत्रित कर सरकार तक पहुंचाई जाएगी। पार्टी का दावा है कि इस मुद्दे पर प्रदेशभर में जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।



किसानों की समस्याओं को भी उठाया

ज्ञापन में किसानों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया। शिवसेना नेताओं ने कहा कि खरीफ सीजन शुरू हो चुका है और किसानों को खेती कार्य के लिए खाद एवं बीज की आवश्यकता है। ऐसे में सहकारी समितियों और सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।



उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए। 



साथ ही निजी खाद दुकानों द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतों पर भी कार्रवाई की मांग की गई।



दुकानों में मूल्य सूची और अधिकारियों के नंबर प्रदर्शित करने की मांग

शिवसेना ने प्रशासन से आग्रह किया कि सभी खाद-बीज विक्रेताओं को दुकान के बाहर स्पष्ट रूप से मूल्य सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए जाएं। इसके अलावा किसानों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर भी सूचना पटल पर अंकित किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में किसान सीधे शिकायत दर्ज करा सकें।



प्रशासन ने दिया कार्रवाई का भरोसा

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संबंधित विषयों पर आवश्यक जांच कराने तथा नियमों के अनुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों और आम नागरिकों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।



इस अवसर पर डॉ. एवन टंडन, राजेन्द्र वर्मा, कामता प्रसाद, पंकज, ओमप्रकाश, दिनेश, परमानंद, सूरज, गोकुल, दिग्विजय, सुरेंद्र यदु, तिलक ध्रुव, सनत देवांगन सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।



 ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान संगठन ने जनहित के मुद्दों पर आगे भी संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

You might also like!


RAIPUR WEATHER