प्रभात न्यूज़ 24:
जिले में धूमधाम से मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस समारोह
मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया ध्वजारोहण
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का हुआ सम्मान
54 अधिकारी-कर्मचारियों को किया गया पुरस्कृत
संवाददाता - विजय शंकर तिवारी
बलौदाबाजार,
जिले में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संदेश पढ़कर राज्य सरकार की उपलब्धियां और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
समारोह में जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। श्रीमती चौधरी ने शाल और श्रीफल भेंटकर उनके योगदान को स्मरण किया और कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 54 अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए कहा कि उनका परिश्रम जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे ध्वजारोहण के साथ हुई। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक श्रीमती उषा ठाकुर और परेड 2 आईसी मेघनाथ बंजारे ने किया। जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और रेडक्रॉस की टुकड़ियों ने शानदार परेड प्रस्तुत की।
स्कूली बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। पहली बार आयोजित किए गए डॉग शो में जर्मन शेफर्ड डॉग कोका के प्रदर्शन ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
स्वतंत्रता सेनानी और शहीदों का सम्मान
मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। सम्मानित परिजनों में लक्ष्मी ठाकुर, सावित्री सोनी, वीर शहीद उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा सहित अन्य परिजन शामिल थे। लोकतंत्र सेनानियों रेखा आडिल, रमन अग्रवाल और दुलेचंद वर्मा को भी सम्मानित किया गया।
54 अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित
जिला प्रशासन की ओर से बेहतर कार्य करने वाले 54 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें राजस्व विभाग, सहकारिता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग और पुलिस विभाग के कर्मचारी शामिल थे।
झांकियों और पुरस्कार वितरण का दौर
विभागीय झांकियों ने भी कार्यक्रम में अपनी छाप छोड़ी। वन विभाग की झांकी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि न्यूविस्टा सीमेंट संयंत्र और कृषि विभाग की झांकियां क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में वर्धमान विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम स्कूल को पहला, स्वामी आत्मानंद स्कूल को दूसरा और अम्बुजा विद्यापीठ को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
समारोह में शामिल हुए प्रमुख अतिथि
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी, एसपी विजय अग्रवाल, डीएफओ मयंक अग्रवाल और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। गणतंत्र दिवस का यह आयोजन जिले के लिए एक गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक अवसर बन गया।















