प्रभात न्यूज़ 24:
संविधान के मूल्यों को अपनाना ही सच्ची राष्ट्र सेवा – विधायक इन्द्र साव
नगर के ऐतिहासिक जय स्तम्भ चौक में गणतंत्र दिवस पर विधायक ने किया ध्वजारोहण
भाटापारा।
देश के 76वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर भाटापारा नगर में उत्साह, गौरव और देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला। नगर के ऐतिहासिक जय स्तम्भ चौक में आयोजित मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में विधायक इन्द्र साव ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
ध्वजारोहण के पूर्व विधायक इन्द्र साव ने भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात अनुविभागीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा मुख्य अतिथि एवं मंचस्थ अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
गौरवशाली संविधान की याद दिलाता है गणतंत्र दिवस – इन्द्र साव
उद्बोधन के दौरान विधायक इन्द्र साव ने कहा कि 26 जनवरी का दिन भारत के इतिहास का अत्यंत गौरवशाली दिन है, क्योंकि इसी दिन भारत एक सम्प्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बना। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है तथा देश की विविधताओं को एकता के सूत्र में पिरोता है।
विधायक ने कहा कि संविधान न केवल अधिकारों की गारंटी देता है, बल्कि नागरिक कर्तव्यों की भी निरंतर याद दिलाता है। आज़ादी के बाद भारत को एक सशक्त लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित करना कांग्रेस का ऐतिहासिक संकल्प रहा है।
युवा और भावी पीढ़ी देश की सबसे बड़ी शक्ति
अपने संबोधन में विधायक साव ने युवाओं और भावी पीढ़ी को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम और देशभक्ति के साथ आगे बढ़ना ही सच्चा राष्ट्र निर्माण है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें, क्योंकि संविधान के मूल्यों को अपनाना ही सच्ची राष्ट्र सेवा है।
उन्होंने उपस्थित नागरिकों को संकल्प दिलाया कि सभी मिलकर देश के नवनिर्माण में सक्रिय योगदान देंगे, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देंगे, देश की एकता और अखंडता बनाए रखेंगे तथा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
उद्बोधन के पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति गीतों, नृत्य और सांस्कृतिक झांकियों ने समारोह की गरिमा को और भी बढ़ा दिया।
कार्यक्रम के अंत में अनुविभागीय अधिकारी श्यामा पटेल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व एल्डरमेन मुकेश साहू द्वारा किया गया।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर प्रमुख रूप से ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा, ईश्वर सिंह ठाकुर, सतीश अग्रवाल, गणेश ध्रुव, सीमा वर्मा, आलोक मिश्रा, डॉ. बसंत भृगु, रोशन हबलानी, राजकुमार शर्मा, सुरेश वर्मा, गौरी भृगु, त्रिलोक सलूजा, नानू सोनी, सत्यनारायण जोशी, मोहन केशरवानी, नरेश चौबे, चंद्रशेखर चक्रधारी, विनोद अग्रवाल, अशोक तिवारी, संतोष दाऊ, नितिन शुक्ला, वैभव केशरवानी, प्रशांत गांधी, जीतू शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेसजन, सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस समारोह ने नगर में देशभक्ति, एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत किया।

























