Breaking

भवानीपुर सहित समूचे अंचल में हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया 26 जनवरी गणतंत्र दिवस

देश भक्ति 28 January 2026 (88)

post

प्रभात न्यूज़ 24: 

भवानीपुर सहित समूचे अंचल में हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया 26 जनवरी गणतंत्र दिवस


भवानीपुर।

देश के 77वें गणतंत्र दिवस का पर्व भवानीपुर सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में सोमवार, 26 जनवरी को अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत भवनों तथा सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे अंचल में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला और हर ओर भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष गूंजते रहे।


गणतंत्र दिवस के अवसर पर भवानीपुर, खपरी, रीवाडीह, बाभनिन, चरोदा सहित आसपास के सभी गांवों में कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला आयोजित की गई। ग्रामीण अंचल से लेकर कस्बों तक लोग तिरंगे के रंग में रंगे नजर आए। सुबह से ही गांवों में उत्साह का माहौल बना रहा।


शासकीय भवनों में हुआ ध्वजारोहण

भवानीपुर क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, हाई स्कूल एवं प्राथमिक शालाओं में विधिवत रूप से ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान सरपंच श्रीमती प्रेमिन जगदीश लहरे, जनपद सदस्य श्रीमती आनुसुईया मोकेश चंद्राकर, उपसरपंच, शाला समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यगण तथा ग्राम के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।


ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ और संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर संविधान के मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।


छात्र-छात्राओं की प्रभात फेरी बनी आकर्षण का केंद्र

गणतंत्र दिवस के अवसर पर हाई स्कूल एवं प्राथमिक शाला के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा लिए बच्चे देशभक्ति गीतों और नारे लगाते हुए चल रहे थे। प्रभात फेरी ने ग्रामीणों में देशप्रेम की भावना को और अधिक प्रबल किया।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

विभिन्न गांवों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों और युवाओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से आज़ादी के संघर्ष और संविधान की महत्ता को दर्शाया। ग्रामीणों ने इन प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।


जनप्रतिनिधियों ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से संविधान के मूल आदर्शों का पालन करने और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


पूरे अंचल में रहा उत्सव का माहौल

गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूरा भवानीपुर अंचल देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। गांव-गांव में तिरंगा लहराता रहा और नागरिकों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ इस राष्ट्रीय पर्व को मनाया।

You might also like!


RAIPUR WEATHER