Breaking

स्मार्ट मीटर नहीं, जनता पर आर्थिक हमला है – भागवत थवाईत कसडोल क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं का बढ़ता आक्रोश, कांग्रेस ने कहा– जनता की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी

राजनीति 07 August 2026 (20)

post

प्रभात न्यूज़ 24: 

स्मार्ट मीटर नहीं, जनता पर आर्थिक हमला है – भागवत थवाईत

कसडोल क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं का बढ़ता आक्रोश, कांग्रेस ने कहा– जनता की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी



कसडोल।

 कांग्रेस कटगी मंडल के उपाध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष युवा कांग्रेस कसडोल भागवत थवाईत ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार और बिजली विभाग पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि स्मार्ट मीटर अब सुविधा का नहीं, बल्कि आम जनता की परेशानी और आर्थिक बोझ का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि कसडोल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि, बार-बार रिचार्ज कराने की परेशानी, तकनीकी खराबी, बिना पूर्व सूचना बिजली आपूर्ति बंद होना और शिकायतों के समय पर निराकरण नहीं होने जैसी समस्याओं से लोग जूझ रहे हैं।



भागवत थवाईत ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र के गांव-गांव और कसडोल नगर में पहुंचकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का दस्तावेजीकरण कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने बताया कि पहले जहां बिजली बिल सामान्य आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल में अचानक बढ़ोतरी देखी गई। कई गरीब परिवारों, मजदूरों, किसानों, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं ने आर्थिक दबाव बढ़ने की बात कही है।



उन्होंने कहा कि अनेक उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें यह स्पष्ट जानकारी तक नहीं दी गई कि स्मार्ट मीटर किस प्रकार कार्य करेगा, रिचार्ज की प्रक्रिया क्या होगी और तकनीकी गड़बड़ी होने पर जिम्मेदारी किसकी होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क संबंधी समस्याओं के कारण मीटरों के संचालन को लेकर भी लोगों में असमंजस बना हुआ है।



भागवत थवाईत ने आरोप लगाया कि सरकार जनता से संवाद किए बिना और उनकी आशंकाओं का समाधान किए बिना स्मार्ट मीटर लागू करने में लगी हुई है। उनका कहना है कि किसी भी नई व्यवस्था का उद्देश्य जनता को सुविधा देना होना चाहिए, लेकिन यदि उसी व्यवस्था से लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं तो सरकार को उसकी समीक्षा करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का संकलन कर संबंधित अधिकारियों और शासन के समक्ष प्रस्तुत करेगी। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करेगी और जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी।



भागवत थवाईत ने सरकार से मांग की कि स्मार्ट मीटर से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में असामान्य वृद्धि हुई है उनकी शिकायतों का प्राथमिकता से परीक्षण किया जाए, प्रत्येक विकासखंड में विशेष शिकायत निवारण शिविर लगाए जाएं और जब तक लोगों की आशंकाओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार किया जाए।



उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सेवा किसी भी परिवार के लिए आवश्यक है और इससे जुड़ी किसी भी नीति का प्रभाव सीधे आम जनता के जीवन पर पड़ता है। इसलिए सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए और उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।



अंत में भागवत थवाईत ने क्षेत्र के सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि उन्हें स्मार्ट मीटर से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या, अधिक बिजली बिल, तकनीकी खराबी, रिचार्ज संबंधी कठिनाई या अन्य परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो वे अपनी शिकायत कांग्रेस कार्यकर्ताओं तक पहुंचाएं, ताकि इन सभी मामलों को संगठित रूप से शासन-प्रशासन के समक्ष रखा जा सके।



उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि जनता के हितों की रक्षा करना है। यदि सरकार ने समय रहते उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कसडोल विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER