Breaking

19 जनवरी से होगा श्री हनुमत महायज्ञ का भव्य शुभारंभ धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजनों की रहेगी विराट श्रृंखला

भक्ति 17 January 2026 (119)

post








प्रभात न्यूज़ 24: 

19 जनवरी से होगा श्री हनुमत महायज्ञ का भव्य शुभारंभ

धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजनों की रहेगी विराट श्रृंखला


बलौदाबाजार।

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम एवं संकटमोचन श्रीहनुमान जी की असीम कृपा से बलौदाबाजार की पावन धरा एक बार फिर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत होने जा रही है। विश्व कल्याण, धर्म रक्षा और जनकल्याण के संकल्प के साथ श्री हनुमत महायज्ञ का भव्य आयोजन आगामी 19 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक दशहरा मैदान स्थित यज्ञ परिसर में किया जा रहा है।

यह विशाल धार्मिक अनुष्ठान धर्म रक्षार्थ यज्ञ एवं जन सेवा समिति के तत्वावधान में तथा समस्त नगरवासियों के सहयोग से संपन्न होगा। आयोजन में बलौदाबाजार नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजक समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों को इस पुण्य अवसर में सहभागिता हेतु सादर आमंत्रित किया है।


भव्य कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ

आयोजन की शुरुआत माघ शुक्ल प्रतिपदा, सोमवार 19 जनवरी 2026 को दोपहर 1 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। कलश यात्रा में भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकी, धर्मध्वज, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ नगर की गलियों में भक्तिमय वातावरण निर्मित होगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध भजन गायक, भाटापारा निवासी दीपक केशरवानी अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे।

इसी दिन संध्या 5 बजे छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री टंकराम वर्मा द्वारा यज्ञ परिसर में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया जाएगा, जिसे धार्मिक अनुष्ठानों एवं सामाजिक आयोजनों के उपयोग हेतु यज्ञ समिति और नगरवासियों को समर्पित किया जाएगा।


प्रतिदिन होगा विधिवत यज्ञ अनुष्ठान

महायज्ञ का आयोजन प्रतिदिन

प्रातः 8 बजे से 12 बजे तक

दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक

वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ किया जाएगा। वहीं प्रतिदिन संध्या 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक श्रृंखला


महायज्ञ के दौरान विभिन्न तिथियों में श्रद्धालुओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे—

19 जनवरी:

दोपहर 1 बजे कलश यात्रा, सायंकाल महाआरती, भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण (गायक दीपक केशरवानी)।

20 जनवरी:

संगीतमय सुंदरकांड पाठ — समिति रावण द्वारा।

21 जनवरी:

अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध हरे राम हरे कृष्णा नृत्य-संगीत प्रस्तुति (श्रीलंका), प्रस्तोता डॉ. अंजली मिश्रा।

22 जनवरी:

विशेष नाट्य प्रस्तुति “वनवासी राम” — छत्तीसगढ़ गौरव डॉ. ललित ठाकुर (पद्मभूषण) द्वारा।

23 जनवरी:

भव्य भजन संध्या — गायक दीपक केशरवानी।

24 जनवरी:

सांस्कृतिक कार्यक्रम “धरोहर” — राजनांदगांव की प्रसिद्ध संगीत संध्या।

25 जनवरी:

संगीतमय सुंदरकांड पाठ — पंचमुखी हनुमान समिति, भाटापारा।

26 जनवरी:

भजन संध्या — सरगम म्यूजिकल्स, रायपुर।

27 व 28 जनवरी:

श्री हनुमत कथा मानस — मानस केशरी पं. प्रमोद शास्त्री (बेमेतरा) द्वारा संगीतमय कथा वाचन।

29 जनवरी (अंतिम दिवस):

पूर्णाहुति, संगीतमय कलश विसर्जन, महाआरती, विशाल महाप्रसादी वितरण के साथ महायज्ञ का समापन।

विशेष आकर्षण रहेंगे सांस्कृतिक आयोजन


आयोजक समिति के अनुसार इस वर्ष महायज्ञ में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। भक्ति, कला और संस्कृति का अद्भुत संगम श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेगा।


आयोजक समिति की अपील

आयोजन समिति ने नगर एवं अंचल के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, मातृशक्ति, युवा वर्ग एवं संतजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्री हनुमत महायज्ञ में भाग लें, पुण्य लाभ अर्जित करें और इस विराट धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।





You might also like!


RAIPUR WEATHER