Breaking

रफ़ी नाइट को मिलेगा प्रशासनिक गरिमा का साथ, 31 जुलाई को नगर भवन में सजेगी सुरों की यादगार महफ़िल कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा होंगे मुख्य अतिथि, कलेक्टर, एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी करेंगे शिरकत, प्रतिभाओं और समाजसेवियों का होगा सम्मान

देश / दुनिया 26 July 2026 (73)

post

प्रभात न्यूज़ 24: 

रफ़ी नाइट को मिलेगा प्रशासनिक गरिमा का साथ, 31 जुलाई को नगर भवन में सजेगी सुरों की यादगार महफ़िल


कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा होंगे मुख्य अतिथि, कलेक्टर, एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी करेंगे शिरकत, प्रतिभाओं और समाजसेवियों का होगा सम्मान



बलौदाबाजार। 

सुर सम्राट मोहम्मद रफ़ी की मधुर एवं अमर गायिकी को समर्पित जिले का बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक आयोजन "16वां रफ़ी नाइट" इस वर्ष 31 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को शाम 6 बजे से नगर भवन, बलौदाबाजार में आयोजित किया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम को भव्य एवं गरिमामय स्वरूप देने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को लेकर संगीत प्रेमियों, कलाकारों तथा शहरवासियों में विशेष उत्साह का माहौल है।



कार्यक्रम के संयोजक के.के. वर्मा (कृष्ण कुमार वर्मा) ने जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा (आईएएस) एवं पुलिस अधीक्षक राय गौरव राम प्रवेश (आईपीएस) से सौजन्य भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। 



दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए अपनी उपस्थिति की सहमति प्रदान की। इससे आयोजन समिति का उत्साह और बढ़ गया है तथा कार्यक्रम की गरिमा में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।



आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा होंगे। 



कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार के अध्यक्ष अशोक जैन करेंगे। वहीं जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा (आईएएस), वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील (आईएफएस) तथा पुलिस अधीक्षक राय गौरव राम प्रवेश (आईपीएस) अति विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।



संयोजक कृष्ण कुमार वर्मा ने बताया कि रफ़ी नाइट केवल एक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत के महान पार्श्वगायक मोहम्मद रफ़ी की अमूल्य संगीत विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सांस्कृतिक प्रयास है। 



कार्यक्रम में प्रदेश एवं अन्य राज्यों से आने वाले ख्यातिप्राप्त गायक रफ़ी साहब के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। "चौदहवीं का चाँद हो", "तेरी आँखों के सिवा", "बहारों फूल बरसाओ", "क्या हुआ तेरा वादा", "तुम मुझे यूँ भुला न पाओगे" सहित अनेक कालजयी गीतों की स्वर लहरियां संगीत प्रेमियों को एक यादगार संध्या का अनुभव कराएंगी।



इस वर्ष के आयोजन की विशेष बात यह भी होगी कि कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला स्व-सहायता समूहों, समाजसेवियों, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्तियों, अंचल के वरिष्ठ कलाकारों तथा बुजुर्ग सियानों को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति ने ऐसे पात्र व्यक्तियों से 28 जुलाई 2026 तक अपना नाम पंजीकृत कराने की अपील की है।



कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए आयोजन समिति ने मंच सज्जा, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, अतिथि सत्कार, कलाकारों के स्वागत तथा दर्शकों की सुविधाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया है। नगर भवन परिसर को आकर्षक रूप से सजाने की तैयारियां भी जोरों पर हैं ताकि जिलेवासियों को एक भव्य सांस्कृतिक वातावरण मिल सके।



के.के. वर्मा ने जिले के सभी नागरिकों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि संगीत समाज को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है और मोहम्मद रफ़ी के गीत आज भी हर आयु वर्ग के लोगों के दिलों में समान रूप से बसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारतीय संगीत संस्कृति के प्रति श्रद्धांजलि होने के साथ-साथ सामाजिक सम्मान, प्रतिभा प्रोत्साहन और सांस्कृतिक एकता का भी उत्सव है।



आयोजन समिति ने कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया है। "पेड़ लगाओ–पुण्य कमाओ" तथा "पेड़ लगाओ–प्रदूषण भगाओ" अभियान के तहत नागरिकों से अपने पूर्वजों के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने तथा प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का पूर्ण बहिष्कार करने की अपील की गई है।



संगीत प्रेमियों का मानना है कि रफ़ी नाइट जैसे आयोजन न केवल सांस्कृतिक वातावरण को नई ऊर्जा देते हैं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी प्रसारित करते हैं। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कलाकारों और आमजन की सहभागिता के साथ इस वर्ष का 16वां रफ़ी नाइट बलौदाबाजार के सबसे यादगार सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल होने की पूरी संभावना है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER