प्रभात न्यूज़ 24:
समाधान सेल की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब बिक्री करते तीन शराब कोचिए गिरफ्तार, 91 पाव देशी मसाला शराब व स्कूटी जब्त
हथबंद |
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में शुरू की गई महत्वाकांक्षी योजना “समाधान सेल” लगातार प्रभावी साबित हो रही है। आम नागरिकों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में थाना हथबंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले में आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रारंभ की गई “समाधान सेल” हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचना के आधार पर थाना हथबंद पुलिस टीम ने अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले 03 शराब कोचियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
नेवधा रोड पर की गई घेराबंदी, मौके से पकड़े गए आरोपी
पुलिस को समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग नेवधा रोड हथबंद क्षेत्र में अवैध रूप से शराब लेकर बिक्री हेतु जा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना हथबंद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को अवैध रूप से शराब परिवहन करते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।
91 पाव देशी मसाला शराब और सोल्ड स्कूटी जब्त
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से कुल 91 पाव देशी मसाला शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹9,100 बताई जा रही है, बरामद की गई। इसके साथ ही अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त एक सोल्ड स्कूटी को भी जब्त किया गया है।
आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना हथबंद में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
कुलेश्वर चतुर्वेदी, उम्र 25 वर्ष
निवासी – ग्राम छपोरा, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर
हर्ष चतुर्वेदी, उम्र 23 वर्ष
निवासी – ग्राम छपोरा, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर
भानु महिलांग, उम्र 32 वर्ष
निवासी – ग्राम सोनबरसा, थाना भाटापारा ग्रामीण
समाधान सेल बना आम जनता का भरोसेमंद माध्यम
पुलिस प्रशासन द्वारा बताया गया कि समाधान सेल के माध्यम से आम नागरिक व्हाट्सएप या कॉल के जरिए किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध, शिकायत या सूचना आसानी से पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है, जिससे लोग निर्भय होकर सूचनाएं साझा कर रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की अपराधिक गतिविधि या अवैध कार्य की जानकारी मिले तो तुरंत समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर सूचना दें, ताकि समय रहते अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।





















