प्रभात न्यूज़ 24:
प्रभात न्यूज़ 24 की खबर से मचा हड़कंप: प्रशासन हरकत में, रेत माफियाओं पर बड़ा प्रहार, 7 ट्रैक्टर जब्त
बलौदाबाजार।
क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर प्रभात न्यूज़ 24 में प्रकाशित खबर का ताबड़तोड़ असर देखने को मिला। खबर सामने आते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और लवन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे 7 ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई ने अवैध कारोबारियों में जबरदस्त हड़कंप मचा दिया है।
जानकारी के अनुसार, लवन थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के पदस्थापना के बाद से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जा रहा है। अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर थाना प्रभारी ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। इसी क्रम में अवैध रेत परिवहन को लेकर प्रकाशित खबर के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सोमवार 16 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और 7 ट्रैक्टरों को पकड़कर थाने में जब्त कर लिया।
पुलिस द्वारा जब्त किए गए ट्रैक्टरों को थाना परिसर में खड़ा किया गया है और पूरे मामले की सूचना खनिज विभाग बलौदाबाजार को भेज दी गई है, ताकि नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस संयुक्त कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि प्रशासन अब अवैध रेत कारोबार के खिलाफ पूरी तरह से सख्त रुख अपना चुका है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में लवन क्षेत्र में लगातार चल रही कार्रवाइयों का असर साफ दिखाई देने लगा है। शराब तस्करों, गांजा कारोबारियों और अन्य असामाजिक तत्वों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय बाद क्षेत्र में कानून का असर महसूस किया जा रहा है और पुलिस की सक्रियता से लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है।
क्षेत्र की जनता ने पुलिस की इस निर्णायक कार्रवाई की खुले दिल से सराहना की है। वहीं लोगों ने प्रभात न्यूज़ 24 की भूमिका की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि मीडिया की सतर्कता और जिम्मेदार पत्रकारिता के कारण ही यह बड़ी कार्रवाई संभव हो पाई है। खबर के प्रकाशन के तुरंत बाद प्रशासन का हरकत में आना इस बात का प्रमाण है कि जनहित के मुद्दों को उठाने में मीडिया की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह मीडिया और प्रशासन समन्वय बनाकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाते रहे, तो क्षेत्र से रेत माफियाओं का पूरी तरह सफाया किया जा सकता है और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
प्रभात न्यूज़ 24 की इस खबर ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सशक्त पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की ताकत रखती है।





















