प्रभात न्यूज़ 24:
जनता महंगाई से त्रस्त, साय सरकार शराब दुकानें खोलने में व्यस्त — शैलेश नितिन त्रिवेदी
बलौदा बाजार,
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुहेला की मासिक बैठक में भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर तीखा हमला बोला गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और किसान समस्याओं से त्रस्त है, लेकिन साय सरकार को आम जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। सरकार केवल प्रदेशभर में नई-नई शराब दुकानें खोलने में व्यस्त है, जो समाज और युवाओं के भविष्य के लिए घातक है।
त्रिवेदी ने कहा कि पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के समय शराबबंदी का पुरजोर विरोध करने वाली भाजपा आज सत्ता में आते ही शराब को बढ़ावा दे रही है। शराब दुकानों की संख्या बढ़ाई जा रही है और कई जगहों पर ओवररेट में शराब बेची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब आम लोग इसका विरोध करते हैं, तो शराब दुकानों से जुड़े असामाजिक तत्व सीधे मारपीट पर उतर आते हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भय और आक्रोश का माहौल बन रहा है। कांग्रेस इन सभी नई शराब दुकानों का विरोध करती है और यह विरोध आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के टोकन सिस्टम ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है। बड़ी संख्या में किसान ऑनलाइन प्रक्रिया से जूझ रहे हैं। इंटरनेट और तकनीकी जानकारी के अभाव में किसान धान बेचने के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार किसानों की सुध लेने को तैयार नहीं है।
बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भूनेश्वर वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में शराब को बढ़ावा देने का काम कर रही है। हथबंद सहित सुहेला क्षेत्र में खुल रही सभी नई शराब दुकानों का ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पुरजोर विरोध करेगी। इसके लिए चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में बन रही सड़कों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। पडकीडीह से हिरमी सड़क सहित अन्य निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता बरती जा रही है, लेकिन इन पर नजर रखने वाला कोई नहीं है।
हथबंद जोन प्रभारी लखन वर्मा ने कहा कि हथबंद में खुलने वाली शराब दुकान का सभी कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर विरोध करेंगे और किसी भी कीमत पर इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक को जिला कांग्रेस प्रवक्ता हरीश वर्मा, डॉ. अयाज अहमद फारूकी, संतोष चंद्राकर और सालिक सिंह ठाकुर ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियों के सहारे प्रदेश को गलत दिशा में ले जा रही है और कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
कार्यक्रम का संचालन सुहेला जोन प्रभारी गजेंद्र वर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विनोद साहू ने किया। बैठक में बिहारी खुटे, प्रदीप निर्मलकर, विश्वनाथ द्विवेदी, जनपद सदस्य भानु वर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रामखिलावन शर्मा, बलराम वर्मा, परमेश्वर बाघमार, दुष्यंत जोशी, बैशाखू बंजारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

























