Breaking

पं. बंशराज तिवारी की स्मृति में 6 मई को 20वां विशाल निःशुल्क रोग निदान शिविर

देश / दुनिया 02 May 2026 (155)

post

प्रभात न्यूज़ 24: 

पं. बंशराज तिवारी की स्मृति में 6 मई को 20वां विशाल निःशुल्क रोग निदान शिविर



बलौदाबाजार।

जिला मुख्यालय बलौदाबाजार स्थित चंदा देवी तिवारी हॉस्पिटल में समाजसेवा और जनकल्याण की प्रेरणादायक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्वर्गीय पं. बंशराज तिवारी की पुण्य स्मृति एवं जन्मजयंती के अवसर पर आगामी 6 मई (बुधवार) को 20वां विशाल निःशुल्क रोग निदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर बीते दो दशकों से लगातार आयोजित किया जा रहा है, जो क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय पहल के रूप में स्थापित हो चुका है।



स्वर्गीय पं. बंशराज तिवारी, जो वर्ष 1977 से 1980 तक बलौदाबाजार के विधायक रहे, एक प्रतिष्ठित अधिवक्ता एवं समाजसेवी थे। उनके द्वारा स्थापित सेवा और समर्पण की भावना को उनके पुत्र डॉ. प्रमोद तिवारी निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में यह शिविर हर वर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें अब तक हजारों मरीजों को लाभ मिल चुका है।



इस एक दिवसीय शिविर में विभिन्न प्रकार की बीमारियों की निःशुल्क जांच और उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में सामान्य रोग, स्त्रीरोग, नेत्ररोग, दंतरोग, अस्थिरोग, उदर रोग, श्वसन रोग, रक्तचाप एवं मधुमेह जैसी बीमारियों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही हाइड्रोसिल, हार्निया और बवासीर जैसे रोगों के मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन भी किया जाएगा।



शिविर में मरीजों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें खून की जांच, एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी और दवा वितरण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। 



गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञों द्वारा उचित परामर्श और आवश्यकतानुसार आगे के उपचार की दिशा भी प्रदान की जाएगी।



इस शिविर में चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए अनुभवी डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. नितिन तिवारी, डॉ. गीतिका शंकर तिवारी, डॉ. सुकृति तिवारी सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल होंगे। सभी चिकित्सक पूर्ण समर्पण के साथ मरीजों की सेवा में जुटेंगे।



शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक किया जाएगा। मरीजों का पंजीयन प्रारंभ हो चुका है, जिससे जरूरतमंद लोग समय रहते अपना नाम दर्ज करवा सकें।



आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस पुनीत अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी इस शिविर की जानकारी देकर उन्हें स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित करें।



यह शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं का माध्यम है, बल्कि समाजसेवा, मानवीय संवेदनाओं और जनकल्याण की भावना का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना हुआ है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER