Breaking

जन समस्याओं को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) का प्रदर्शन, पीडब्ल्यूडी विभाग का पुतला दहन कलेक्टर के नाम तहसीलदार को सौंपा गया ज्ञापन, समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग

राजनीति 02 May 2026 (87)

post

प्रभात न्यूज़ 24: 

जन समस्याओं को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) का प्रदर्शन, पीडब्ल्यूडी विभाग का पुतला दहन

कलेक्टर के नाम तहसीलदार को सौंपा गया ज्ञापन, समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग



बलौदाबाजार।

जिले में लगातार बढ़ती जन समस्याओं, विशेषकर जर्जर सड़कों, अव्यवस्थित प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितताओं को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की जिला इकाई ने शनिवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ आक्रोश जताते हुए गार्डन चौक में पुतला दहन किया तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।



प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी मनहरण साहू ने किया। उन्होंने कहा कि जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से रिसदा से बलौदाबाजार मार्ग, रावन से झीपन मार्ग, सुहेला रोड तथा रावन से चुचरुंगपुर तक की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। कई स्थानों पर एक-एक फीट गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। आए दिन हो रहे हादसों में लोगों की जान तक जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

शिवसेना नेताओं ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी विभाग इन समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है, जिससे जनता में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सड़कों की मरम्मत नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान आबकारी विभाग पर भी गंभीर आरोप लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिले में लंबे समय से पदस्थ एक अधिकारी द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान आम लोगों को साथ लेकर जाना, शराब दुकानों के साथ मिलीभगत कर अवैध शराब को बढ़ावा देना तथा जासूसी के माध्यम से पकड़-धकड़ कर आर्थिक लाभ लेना जैसी गतिविधियां सामने आ रही हैं। इससे क्षेत्र में अवैध नशा पदार्थों की बिक्री लगातार बढ़ रही है, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।



शिवसेना ने मांग की कि ऐसे अधिकारियों का तत्काल स्थानांतरण किया जाए तथा अवैध शराब पर प्रभावी रोक लगाई जाए।



महिला वंदन योजना को लेकर भी संगठन ने अपनी चिंता जाहिर की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केवाईसी प्रक्रिया के दौरान महिलाओं के दस्तावेजों में छोटी-छोटी कमियां निकालकर उन्हें योजना के लाभ से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पुराने दस्तावेजों के आधार पर पात्र महिलाओं को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की अनावश्यक बाधा न डाली जाए।



प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव महिला गंगोत्री साहू, जिला महासचिव बद्री प्रसाद वर्मा, जिला सहसचिव संतोष नवरंगे, जिला सचिव घनाराम साहू, तिल्दा ब्लॉक अध्यक्ष इंदल कुमार सिंह, दीपक वर्मा, सरोरा ग्राम अध्यक्ष वीरेंद्र मानिकपुरी सहित महिला सेना की सावित्री साहू, रेखा साहू, भारती धीवर, राजेश्वरी ध्रुव और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



अंत में संगठन ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ही समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER