Breaking

रोहांसी भाजपा मंडल की अतिआवश्यक बैठक संपन्न, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा 2 नवंबर को कसडोल में प्रबुद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समारोह, 4 नवंबर को जिला मुख्यालय में निकलेगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली : कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान

राजनीति 31 October 2026 (28)

post




प्रभात न्यूज़ 24: 

रोहांसी भाजपा मंडल की अतिआवश्यक बैठक संपन्न, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा

2 नवंबर को कसडोल में प्रबुद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समारोह, 4 नवंबर को जिला मुख्यालय में निकलेगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली : कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान



रोहांसी।

 भारतीय जनता पार्टी मंडल रोहांसी की अतिआवश्यक बैठक का आयोजन नगर पंचायत रोहांसी स्थित सामुदायिक भवन में किया गया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।



बैठक का शुभारंभ भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रभावना के अनुरूप भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्रों पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के विचारों और उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए संगठन की मजबूती तथा राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित भाजपा जिला संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ एवं मंडल प्रभारी श्री कृष्णा कुमार पटेल ने अपने संबोधन में संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आगामी 2 नवंबर को विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम कसडोल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रबुद्धजनों, सामाजिक क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारीगणों का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने रोहांसी मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

उन्होंने आगे बताया कि आगामी 4 नवंबर को जिला बलौदाबाजार में भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भी मंडल के सभी कार्यकर्ताओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं की एकजुटता से ही पार्टी के कार्यक्रमों को व्यापक सफलता मिलती है।



बैठक की अध्यक्षता कर रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री विजय कोसले ने अपने संबोधन में पूर्व में आयोजित सेवा संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि एक महीने तक चले इस अभियान में रोहांसी मंडल के सभी कार्यकर्ताओं ने आपसी समन्वय, सहयोग और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयास सराहनीय रहे। उन्होंने इस सफल सहभागिता के लिए मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



मंडल अध्यक्ष श्री कोसले ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती केवल पदाधिकारियों से नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रियता और सामूहिक जिम्मेदारी से सुनिश्चित होती है। उन्होंने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों एवं पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को भी इसी एकजुटता और आपसी तालमेल के साथ संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत बनाने तथा आम जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री महिला मोर्चा श्रीमती निर्मला रजक ने महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के आगामी कार्यक्रमों में महिला मोर्चा की सभी कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में सहभागिता निभानी चाहिए। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से संगठित होकर कार्यक्रमों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलती है।

इसी क्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री चरणदास तेहरवंश ने अपने विचार व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं एवं नीतियों को लेकर राजनीतिक विमर्श पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी संबंधी आरोपों और केंद्र सरकार के खिलाफ किए जा रहे राजनीतिक विरोध पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और नीतियों की जानकारी आम नागरिकों को दें। साथ ही जनता के बीच फैलने वाली भ्रामक जानकारियों का तथ्यों के आधार पर जवाब देते हुए लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जनसंपर्क और संवाद को प्राथमिकता देनी चाहिए।

बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, सहभागिता और संगठनात्मक सक्रियता बनाए रखने पर विशेष चर्चा हुई। उपस्थित पदाधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए तथा पार्टी की ओर से निर्धारित कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता के साथ शामिल होने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्री चुड़ामणि साहू ने किया। उन्होंने बैठक की कार्यवाही को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाते हुए उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। अंत में मंडल महामंत्री श्री मोहन साहू ने सभी अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता श्री जनकराम वर्मा, जिला उपाध्यक्ष किसान मोर्चा श्री शिव यदु, श्री दरस राम वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश ठाकुर, कार्यालय प्रभारी श्री श्यामू साहू, मीडिया प्रभारी श्री प्रमोद वर्मा, प्राधिकृत अधिकारी श्री महेन्द्र यदु, श्री मुन्ना यदु, श्री देवव्रत वर्मा, श्री बिहसकलिहारी, भाजयुमो अध्यक्ष श्री लखन यादव, अजजा मोर्चा अध्यक्ष श्री पवन ध्रुव, अजा मोर्चा अध्यक्ष श्री ईश्वर बघेल, पार्षद श्री बुधारू साहू, श्री कमलेश चतुर्वेदी, एल्डरमैन श्री नोहर मारकण्डे, संयोजक श्री परस राम साहू, श्री जोतराम निषाद, श्री हरिकीर्तन यादव, श्री रामेश्वर वर्मा, श्री लेखराम साहू, श्री पृथ्वी साहू, श्री शिवकुमार साहू, श्री विमल साहू, श्री दिलीप कनौजे, श्री मुरलीधर यादव, श्री सालिक साहू, श्री भुनेश्वर जांगड़े, श्री संतलाल बिरहे, श्री टेक राम जायसवाल, श्री शत्रोहन, श्री विजय डहरिया, श्री भुखूराम, श्री टूकेश्वर सिन्हा, श्री सोमनाथ साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के माध्यम से रोहांसी मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने, आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा पार्टी की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।



You might also like!


RAIPUR WEATHER