Breaking

भवानीपुर में भक्त माता कर्मा जयंती पर भव्य शोभायात्रा, गली-गली गूंजे जयकारे

भक्ति 25 March 2026 (151)

post

प्रभात न्यूज़ 24: 

भवानीपुर में भक्त माता कर्मा जयंती पर भव्य शोभायात्रा, गली-गली गूंजे जयकारे



भवानीपुर/पलारी।

नवरात्रि के पावन अवसर पर सप्तमी तिथि के दिन साहू समाज की आराध्य देवी भक्त माता कर्मा की जयंती बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भवानीपुर परिक्षेत्र मुख्यालय स्थित साहू समाज भवन से एक भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवक-युवतियां और बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

शोभायात्रा पूरे नगर में गली-गली भ्रमण करते हुए निकाली गई, जहां श्रद्धालुओं ने माता कर्मा के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की मधुर धुन और श्रद्धालुओं की आस्था देखने लायक रही। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना

कार्यक्रम के दौरान साहू समाज भवन में विधिवत पूजा-अर्चना कर माता कर्मा से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से माता के चरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।



इस अवसर पर ग्रामीण साहू समाज भवानीपुर के अध्यक्ष धनेश्वर साहू ने अपने संबोधन में कहा कि हमें माता कर्मा के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि माता कर्मा ने अपने त्याग, तपस्या और अटूट भक्ति से भगवान जगन्नाथ को अपने हाथों से खिचड़ी खिलाकर अमर कीर्ति स्थापित की, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।



समाज को दिया एकजुटता का संदेश

कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज के लोगों से एकजुट रहने, सामाजिक मूल्यों को बनाए रखने और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही सभी सामाजिक बंधुओं से अपील की गई कि इस विशेष दिन को उत्सव के रूप में मनाते हुए अपने-अपने घरों में रंगोली बनाएं और माता कर्मा के नाम से दीप प्रज्वलित करें।



बड़ी संख्या में सामाजिक जन रहे उपस्थित

इस भव्य आयोजन में तहसील साहू समाज संगठन सचिव मनोज साहू, ग्रामीण साहू समाज संरक्षक सीताराम साहू, पूर्व तहसील उपाध्यक्ष वीरेंद्र साहू, ग्रामीण उपाध्यक्ष विजय साहू, संगठन सचिव संजू साहू, सचिव संतोष साहू, कोषाध्यक्ष नारायण साहू, सहित काशी साहू, दिले राम साहू, द्वारका प्रसाद साहू, जगमोहन साहू, रामदेव साहू, किशन साहू एवं अन्य सामाजिक बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ आयोजन

पूरे कार्यक्रम के दौरान भवानीपुर नगर भक्तिमय रंग में रंगा रहा। श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

You might also like!


RAIPUR WEATHER