Breaking

सिमगा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान में 15 प्रकरण दर्ज, 105.66 लीटर शराब जब्त, 12 आरोपी भेजे गए जेल

क्राइम 29 July 2026 (26)

post

प्रभात न्यूज़ 24: 

सिमगा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान में 15 प्रकरण दर्ज, 105.66 लीटर शराब जब्त, 12 आरोपी भेजे गए जेल



बलौदाबाजार। 

जिले के सिमगा क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग ने व्यापक विशेष अभियान चलाया है। शिकायतों के आधार पर कई गांवों और ढाबों में लगातार दबिश देकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। 



इस अभियान के दौरान कुल 15 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 105.66 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। गंभीर मामलों में 12 आरोपियों को गैर-जमानती धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया, जबकि दो मामलों में जमानती प्रकरण दर्ज किए गए।

यह विशेष अभियान आबकारी आयुक्त श्री पदुम सिंह एल्मा के निर्देश, जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन तथा जिला आबकारी अधिकारी निधीश कुमार कोष्टी के नेतृत्व में संचालित किया गया। विभाग का कहना है कि सिमगा क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है।



अप्रैल से जुलाई तक लगातार चली कार्रवाई

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अभियान की शुरुआत अप्रैल माह से हुई। 12 अप्रैल 2026 को ग्राम डोंगरिया में आरोपी विरेन्द्र कुमार गेंडरे के कब्जे से 5.760 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त की गई। इसके बाद 24 अप्रैल को ग्राम सिमगा में रामशरण यादव के पास से 7.200 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला बरामद किया गया।



मई माह में भी कार्रवाई का सिलसिला जारी रहा। 7 मई को ग्राम हथबंद में धमेन्द्र वर्मा के कब्जे से 5.580 बल्क लीटर, 26 मई को ग्राम लावर में घुरूउराम पारधी से 6.480 लीटर तथा 30 मई को ग्राम लिमतरा में अज्ञात आरोपी के कब्जे से 21.60 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त किया गया।



जून में भी नहीं थमा अभियान

जून माह में भी आबकारी विभाग ने लगातार छापेमारी जारी रखी। 5 जून को ग्राम दामाखेड़ा में दीपक साहू के कब्जे से 5.40 लीटर विदेशी मदिरा (गोल्डन गोवा) जब्त की गई। उसी दिन ग्राम कोलिहा में ओमप्रकाश साहू के पास से 8.10 लीटर देशी मदिरा मसाला बरामद किया गया। इसके बाद 20 जून को ग्राम खैरघट में मारन दास के कब्जे से 5.76 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त किया गया।



जुलाई में तेज हुई कार्रवाई

जुलाई माह में विभाग ने अभियान और तेज कर दिया। 2 जुलाई को ग्राम डोंगरिया में रूपेश टंडन के पास से 9.00 बल्क लीटर शराब बरामद हुई। 7 जुलाई को ग्राम विश्रामपुर में राजा मसीह के कब्जे से 6.300 बल्क लीटर तथा ग्राम दरचुरा में शैलेन्द्र कुमार साहू के पास से 6.840 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त किया गया।



इसके बाद 24 जुलाई को ग्राम पथरचुआ में संजू मनहरे के कब्जे से 6.840 बल्क लीटर तथा 29 जुलाई को ग्राम पड़कीडीह में डुलुराम पैकरा के कब्जे से 7.200 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला बरामद की गई।



13 मामलों में गैर-जमानती कार्रवाई

इन 13 प्रकरणों में कुल 96.30 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला एवं 5.40 लीटर विदेशी मदिरा (गोल्डन गोवा), अर्थात 101.70 लीटर शराब जब्त की गई। सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।



दो मामलों में जमानती प्रकरण

इसके अलावा 7 जुलाई को ग्राम करहुल में एक आरोपी के कब्जे से 1.800 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला तथा 28 जुलाई को ग्राम सिमगा में प्रशांत कुलकर्णी के कब्जे से 2.160 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त किया गया। इन दोनों मामलों में कुल 3.96 लीटर शराब बरामद हुई और आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(1)(ख) के तहत जमानती प्रकरण दर्ज किए गए।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

जिला आबकारी अधिकारी निधीश कुमार कोष्टी ने बताया कि सिमगा क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीम नियमित गश्त कर रही है और शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कहीं अवैध शराब का निर्माण, परिवहन या बिक्री हो रही हो तो इसकी सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

You might also like!


RAIPUR WEATHER