Breaking

रायपुर रोड शराब दुकान के पास लूट की वारदात, पुलिस ने एक घंटे में तीन आरोपियों को दबोचा मिर्च पाउडर फेंककर मोबाइल और नगदी लूटने वाले आरोपी गिरफ्तार, लूट का पूरा सामान बरामद

क्राइम 25 May 2026 (155)

post


प्रभात न्यूज़ 24: 

रायपुर रोड शराब दुकान के पास लूट की वारदात, पुलिस ने एक घंटे में तीन आरोपियों को दबोचा

मिर्च पाउडर फेंककर मोबाइल और नगदी लूटने वाले आरोपी गिरफ्तार, लूट का पूरा सामान बरामद




बलौदाबाजार। 

शहर में रविवार रात रायपुर रोड स्थित शराब दुकान के पास हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने युवक और उसके दोस्त पर मिर्च पाउडर फेंककर मारपीट की और मोबाइल सहित नगदी रकम लूटकर फरार हो गए थे। त्वरित कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर लूट का पूरा सामान बरामद कर लिया।



पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 24 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। प्रार्थी अपने मित्र नरेश ध्रुव के साथ रायपुर रोड स्थित शराब दुकान से शराब खरीदकर बाहर निकला था। दोनों युवक मोटरसाइकिल में बैठने की तैयारी कर रहे थे, तभी पीछे से पहुंचे तीन युवकों ने अचानक प्रार्थी के चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। इससे दोनों युवक घबरा गए और कुछ समझ पाते उससे पहले आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने प्रार्थी से पैसे और मोबाइल की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने पत्थर और ईंट से हमला कर प्रार्थी के सिर पर चोट पहुंचाई। हमले के बाद आरोपियों ने युवक की जेब से मोबाइल फोन और लगभग 1500 रुपये नगद छीन लिए और मौके से फरार हो गए।



घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान प्रार्थी और उसके मित्र की तत्परता और साहस भी पुलिस के लिए मददगार साबित हुआ। घटना के तुरंत बाद एक आरोपी गौतम कुर्रे को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपने अन्य दो साथियों के नाम बताए।



इसके बाद पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर अन्य दो आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और 1500 रुपये नगद बरामद कर लिए हैं।



पुलिस के अनुसार मामले में अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।



गिरफ्तार आरोपियों के नाम

गौतम कुर्रे, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01 इंदिरा कॉलोनी, बलौदाबाजार

नंदू मनहरे, उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01 इंदिरा कॉलोनी, बलौदाबाजार

भुवन कुर्रे, उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01 इंदिरा कॉलोनी, बलौदाबाजार



स्थानीय लोगों ने घटना के त्वरित खुलासे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी पर पुलिस की कार्यवाही की सराहना की है। शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर अपराध करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER